*नवोदय विद्यालय स्थापना दिवस पर कुश्ती ट्रायल प्रतियोगिता का शुभारंभ*
*105 पहलवान खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*
शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के स्वायत्तशासी संस्थान नवोदय विद्यालय समिति, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के निर्देशन में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, डिंडौरी में विद्यालय के स्थापना दिवस के अवसर पर 5 एवं 6 अगस्त को दो दिवसीय कुश्ती ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते ने ध्वजारोहण कर किया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि श्री अनुराग गुप्ता, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेंद्र कुमार जाटव, प्राचार्य एकलव्य विद्यालय श्री राजेश तोमर, सहायक चिकित्सक डॉ. रविंद्र धाकड़ तथा वन क्षेत्रपाल श्री अभिषेक गुप्ता सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अलका विश्वकर्मा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, बैज एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, वहीं प्रवासी विद्यार्थियों द्वारा असमिया एवं उत्तराखंडी लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि श्री रूद्रेश परस्ते ने नवोदय विद्यालय के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की एक दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की परिकल्पना से प्रारंभ हुई यह व्यवस्था आज लाखों विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा दे रही है। उन्होंने स्वयं को नवोदय विद्यालय का पूर्व छात्र बताते हुए कहा कि नवोदय विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि अनुशासन, संस्कार, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास तथा सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेंद्र कुमार जाटव, वन क्षेत्रपाल श्री अभिषेक गुप्ता एवं डॉ. रविंद्र धाकड़ ने अपने संबोधन में कहा कि नवोदय विद्यालय में प्राप्त शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं शिक्षकों का मार्गदर्शन जीवनभर प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा एवं खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों से कुल 105 पहलवान खिलाड़ियों ने सहभागिता की। इनमें भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, कटनी, सिवनी, दमोह, बैतूल, झाबुआ एवं डिंडौरी के प्रतिभागी शामिल रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में साई कोच श्री हरेंद्र उपाध्याय सहित निर्णायक मंडल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्रीमती अलका विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से खेल भावना, अनुशासन एवं विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं का पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन श्री धर्मेन्द्र कुमार सोनकर एवं श्री के.एल. महोबिया ने किया।
#JawaharNavodayaVidyalaya #NavodayaVidyalaya #JNV #FoundationDay #WrestlingTrials #SchoolSports #YoungWrestlers #SportsForYouth #PMShriSchools #EducationForAll #RuralTalent #StudentAthletes #Sportsmanship #CulturalHeritage #FolkDance #HolisticEducation #Dindori #MadhyaPradesh #TeamSpirit #FutureChampions #jansampark #collectordindori
12 views | Dindori, Madhya Pradesh | Aug 7, 2026