नशा मुक्ति जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक का हुआ मंचन
----
सतना 25 जून 2026/जिला प्रशासन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में सेमरिया चौराहा, #सतना में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने अपने सशक्त अभिनय एवं संवादों के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का सराहनीय प्रयास किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। नशे के कारण पारिवारिक कलह, सामाजिक विघटन, सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि तथा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, जिससे असमय मृत्यु तक हो सकती है।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक डॉ. क्रांति मिश्रा का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जबकि नुक्कड़ नाटक का नेतृत्व मोहित कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में रंजीत दहिया, किरण मल्लाह, आस्था गुप्ता, खुशी कुशवाहा, सुभानी कुशवाहा, अर्पिता वर्मा, काजल कुशवाहा, गुड़िया विश्वकर्मा, निधि कुशवाहा, शिवाकांत कुशवाहा, अंशु मिश्रा, राहुल साहू एवं देवेन्द्र साकेत सहित कई स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने स्वयंसेवकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना सहयोग देने का संकल्प लिया।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP
37 views | Satna, Madhya Pradesh | Jun 25, 2026