बरेली में अवैध असलहों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, तमंचे और कारतूस बरामद
रिपोर्ट: अवधेश शर्मा
बरेली। भुता थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को अवैध असलहों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पहली कार्रवाई में बीजामऊ निवासी अरुण कुमार (30) को मटकापुर से भुता की ओर आने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध पौना और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 473/2026 दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई में डोहरिया निवासी दिश राठौर (19) को गुलड़िया जगत से अहिरौला जाने वाले मार्ग पर नाले की पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 474/2026 दर्ज किया गया।
वहीं, तीसरी कार्रवाई में बीजामऊ निवासी रितिक (24) को महमूदापुर रोड से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध देशी तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 475/2026 के तहत आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की है।