जागरण में अशलील गाना बजाने के दौरान दारोगा का हंगामा, महिला डांसर को मंच पर मारा थप्पड़, आयोजक को घसीटा, भीड़ पर तानी पिस्टल, वीडियो वायरल।
बिहार के बेगूसराय से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाला एक वीडियो सामने आया है। दशहरा के मौके पर आयोजित जागरण के दौरान एक दारोगा ने मंच पर चढ़कर महिला डांसर को थप्पड़ मार दिया और आयोजक के साथ धक्का-मुक्की की। विरोध करने पर भीड़ पर पिस्टल तान दी। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक स्थित मां वैष्णवी सार्वजनिक दुर्गा स्थान की है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा भक्ति जागरण का आयोजन कराया गया था, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
देर रात करीब 3 बजे जब कार्यक्रम अंतिम चरण में था, तो मंच पर फिल्मी गानों पर दो महिला डांसरों का डांस चल रहा था। एक काली साड़ी में थी तो दूसरी सफेद साड़ी में।
*वीडियो में क्या दिख रहा है?*
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि ड्यूटी पर तैनात एक दारोगा अचानक मंच पर चढ़ते हैं और सफेद साड़ी वाली डांसर को पीछे से सिर पर थप्पड़ मार देते हैं। घबराकर दोनों डांसर स्टेज के पीछे भाग जाती हैं।
इसके बाद हाथ में माइक लिए आयोजक बीच-बचाव करने आते हैं तो दारोगा उनका कॉलर पकड़कर उन्हें धक्का देते हुए मंच से नीचे उतार देते हैं।
इस हरकत के बाद वहां मौजूद भीड़ उग्र हो गई और कुर्सियां फेंकी जाने लगीं। हंगामा बढ़ता देख दारोगा ने अपने होल्स्टर से सरकारी पिस्टल निकाल ली और भीड़ की तरफ तान दी। आरोप है कि इस दौरान दारोगा ने गाली-गलौज कर लोगों को धमकाया भी, जिससे जागरण में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
वीडियो रातों-रात बेगूसराय के व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी मनीष ने कहा है कि दुर्गा मंदिर परिसर में अश्लील गाने बजाए जा रहे थे, जिसकी सूचना पर पुलिस पदाधिकारी वहां पहुंचे थे। वहां गलत हरकत की गई है।
पूरे मामले की जांच के लिए सदर डीएसपी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।