#शराब_माफियाओं_के_खिलाफ_मोर्चा_खोला..
भरतपुर। डीग जिले के कुम्हेर थानांतर्गत बेलारा कलां गांव में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा है। गांव में अवैध रूप से बेची जा रही शराब पर रोक लगाने की मांग को लेकर रविवार को 4 युवा पानी की टंकी पर चढ़ गए। युवाओं के इस उग्र विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन ने हरकत में आते हुए बेलारा कलां, नगला बर्घरा और बेलारा खुर्द गांवों में ताबड़तोड़ दबिश दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है। छापेमारी की सूचना मिलते ही शराब बेचने और पीने वालों में भगदड़ मच गई। गांव के युवाओं ने शराब माफियाओं के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान की अगुवाई कर रहे नंद किशोर, राजकुमार, अजीत, राहुल फौजदार और बबलू बैलारा सहित अन्य युवाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि "या तो शराब पीना छोड़ो, या गांव छोड़ दो।" युवाओं का कहना है कि जब तक क्षेत्र से अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, तब तक उनका यह अभियान जारी रहेगा।