#कार्रवाई_है_या_बदले_की_राजनीति?
भरतपुर। भुसावर पंचायत समिति के पथैना ग्राम पंचायत कार्यालय पर मंगलवार को जिला परिषद की टीम के औचक निरीक्षण के लिए पहुंचने पर ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गांव के सरपंच ब्रजेश सिंह ने इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे राजनीतिक द्वेषता से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि सोमवार को भरतपुर में हुई हनुमान बेनीवाल की 'हुंकार सभा' में जाट समाज के लाखों लोग जुटे थे, जिससे सरकार और प्रशासन बौखला गए हैं। इसी वजह से उन्हें टारगेट करने के लिए बिना किसी पूर्व सूचना के इस जांच कमेटी को भेजा गया है। सरपंच ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारी और सत्ता में बैठे लोग समय रहते नहीं संभले, तो जनता उन्हें सड़कों पर निकलने नहीं देगी। वहीं दूसरी ओर, इस औचक निरीक्षण के बाद जिला परिषद की जांच कमेटी की रिपोर्ट पर बड़ा एक्शन लिया गया है। जांच दल का सहयोग नहीं करने और अपना मोबाइल बंद करके पंचायत मुख्यालय से गायब हो जाने के आरोपों के चलते पथैना के ग्राम विकास अधिकारी खेमराज मीणा को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।