#चौथे_चरण_का_मतदान_संपन्न..
भरतपुर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में भरतपुर जिले की रूपवास, सेवर और उच्चैन पंचायत समितियों में शनिवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। तीनों पंचायत समितियों में शाम 6 बजे तक कुल 71.64 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान में रूपवास पंचायत समिति 75.40 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रही, जबकि उच्चैन में 75.10 प्रतिशत और सेवर में सबसे कम 65.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि जिला परिषद सदस्य निर्वाचन के तहत जिले के 61 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान कराया गया। जिले में कुल 3,11,788 मतदाता पंजीकृत थे। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चला। सुबह 10 बजे तक 17.92 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 43.69 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 61.12 प्रतिशत और शाम 6 बजे तक 71.64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार सुबह 10 बजे तक रूपवास में 17.02 प्रतिशत, सेवर में 20.93 प्रतिशत और उच्चैन में 14.66 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 1 बजे तक रूपवास में 42.52 प्रतिशत, सेवर में 46 प्रतिशत और उच्चैन में 42.06 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। दोपहर 3 बजे तक रूपवास में 61.16 प्रतिशत, सेवर में 61.64 प्रतिशत और उच्चैन में 60.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने तक रूपवास में 75.40 प्रतिशत, सेवर में 65.35 प्रतिशत और उच्चैन में 75.10 प्रतिशत मतदान हुआ। रूपवास पंचायत समिति में कुल 1,26,021 मतदाताओं में से 95,025 ने मतदान किया। सेवर में 1,14,600 में से 74,891 और उच्चैन में 71,167 में से 53,448 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार तीनों पंचायत समितियों में कुल 2,23,364 मतदाताओं ने मतदान किया। चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद अब सभी की नजरें मतगणना और चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।