मुजफ्फरनगर में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसे में छह दोस्तों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ।
बताया जा रहा है कि 120 की रफ्तार से जा रही हरियाणा नंबर की कार बिजली के पोल से टकराई, फिर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पलट गई। इसके बाद कार में भीषण आग लग गई। कार में सवार छह युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों में दो सगे भाइयों समेत छह दोस्त शामिल हैं, जिनकी उम्र 19 से 23 साल के बीच थी। सभी हरियाणा के हिसार से हरिद्वार में सोमवती अमावस्या पर स्नान करने जा रहे थे।
पुलिस और दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार में सवार सभी छह लोगों की मौत हो चुकी थी।