युवा महोत्सव में रामपुर कॉलेज का शानदार प्रदर्शन
- विद्यार्थियों का फूल-मालाओं से स्वागत
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के विद्यार्थियों ने अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव ग्रुप-2 की संगीत प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित इस महोत्सव में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भारतीय समूहगान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, भारतीय शास्त्रीय संगीत प्रतियोगिता में कशिश और रोनी राणा ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इस उपलब्धि के बाद महाविद्यालय पहुंचने पर विजेता विद्यार्थियों का फूल-मालाओं से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। उनकी सफलता से महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और प्रतिभा की सराहना करते हुए युवा महोत्सव की समिति तथा सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विद्यार्थी लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ा रहे हैं। विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
Rampur, Shimla | Oct 21, 2026