मेहूस पंचायत में जिला प्रशासन का 'सहयोग शिविर', जिलाधिकारी शेखर आनंद ने लिया जायजा।
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए आज शेखपुरा प्रखंड अंतर्गत मेहूस पंचायत में विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी (डीएम) श्री शेखर आनंद ने स्वयं शिविर स्थल पर पहुँचकर व्यवस्थाओं और जन-समस्याओं के निष्पादन की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक भी मौजूद रहे।
शिविर स्थल पर पहुँचने पर मेहूस पंचायत के मुखिया द्वारा माननीय जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय को जल-जीवन-हरियाली का प्रतीक चिन्ह, पौधा और शॉल भेंट कर सहृदय स्वागत एवं सम्मानित किया गया।
77 आवेदनों में से 58 का मौके पर ही निष्पादन
प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), शेखपुरा ने शिविर की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि आज के इस सहयोग शिविर में ग्रामीणों की ओर से कुल 77 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों में से 58 मामलों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कर दिया गया।
शेष 19 लंबित आवेदनों को समयसीमा के भीतर और पारदर्शी ढंग से निष्पादित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम गागौर पंचायत में शिविर अंतर्गत कुल 41 आवेदन प्राप्त हुआ 34 आवेदनों को गुणवत्तापूर्ण निष्पादित किया गया शेष 07 आवेदनों को समयसीमा के अंदर संबंधित पदाधिकारियों निष्पादन कराने हेतु कहा गया। इसी क्रम में शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने लाभार्थियों के बीच कार्ड का वितरण किया जिसमें
04 नए जॉब कार्ड एवं 03 लेबर कार्ड का वितरण किया गया।
जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने आमजनों को इन कार्डों से मिलने वाले सामाजिक सुरक्षा लाभों और रोजगार के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनके गाँव-पंचायत स्तर पर ही सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
"सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पेयजल आपूर्ति (नल-जल), गली-नाली निर्माण, भूमि विवाद और प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना जैसी मूलभूत समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से प्रखंड या जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।"
— श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी (शेखपुरा)
वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस सहयोग शिविर में प्रशासन और जन-प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। मौके पर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता (एडीएम), प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत के मुखिया, विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी तथा भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के प्रति ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया।