जिन्होंने छोड़ा, उन्हीं बच्चों की खुशहाली के लिए माताओं ने रखा व्रत
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ में अपर कलेक्टर श्री विनय द्विवेदी पहुंचे दर्शना वृद्ध सेवा आश्रम
---
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत अपर कलेक्टर श्री विनय द्विवेदी ने जिले के दर्शना वृद्ध सेवा आश्रम पहुंचकर वृद्ध माताओं से मुलाकात की और उनके साथ समय बिताया। साथ ही उन्होंने वृद्धाश्रम का निरक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान आश्रम में ऐसा भावुक दृश्य सामने आया, जिसने सभी को भाव-विभोर कर दिया। आश्रम में रह रही 23 महिलाओं में से कई माताओं ने बताया कि उनके बच्चे उन्हें वृद्धाश्रम में छोड़ गए हैं, लेकिन इसके बावजूद मातृत्व का भाव कम नहीं हुआ। उन्होंने अपनी संतानों की लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना के लिए संतान सप्तमी का व्रत रखा। यह दृश्य मां की ममता और संतान के प्रति निःस्वार्थ प्रेम की गहराई को दर्शाता है।
अपर कलेक्टर श्री द्विवेदी ने वृद्ध माताओं से आत्मीयता से संवाद किया और उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज में बुजुर्गों के सम्मान, सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।