नगर पालिका परिषद बड़वानी का आवारा पशुओं के विरुद्ध विशेष अभियान
----------
सड़क पर पशु छोड़ने वाले पशुपालकों पर होगी कार्रवाई
बड़वानी, 10 जुलाई 2026। नगर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने तथा आमजन को आवारा पशुओं से होने वाली असुविधा एवं संभावित दुर्घटनाओं से बचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद बड़वानी द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विचरण कर रहे आवारा पशुओं को निकाय की टीम द्वारा सुरक्षित रूप से पकड़कर नगर पालिका के समीप स्थित गोशाला में छोड़ा गया। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि पशुओं को किसी प्रकार की क्षति न पहुँचे तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा जाए।
इसके साथ ही नगर पालिका द्वारा मुनादी कर समस्त पशुपालकों को सूचित एवं जागरूक किया गया कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें तथा उन्हें अपने संरक्षण में सुरक्षित रखें। नागरिकों को बताया गया कि सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
नगर पालिका परिषद बड़वानी ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि कोई पशुपालक अपने पशुओं को शहर की सड़कों पर खुला छोड़ता हुआ पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध प्रचलित नियमों एवं मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका परिषद ने सभी पशुपालकों एवं नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित शहर के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
42 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026