प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक: 04 अगस्त 2026
आज दिनांक 04.08.2026 को जिला पदाधिकारी, श्री शैलेंद्र कुमार द्वारा सूर्यगढ़ा प्रखंड के मोहम्मदपुर एवं रामगढ़ चौक प्रखंड के शर्मा पंचायत में आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” की तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया गया।
बुधवार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रतनपुर में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री -सह -लखीसराय के जिला प्रभारी मंत्री, श्री सुनील कुमार इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने शिविर स्थल पर की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वाहन पार्किंग, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पंजीकरण काउंटर, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय पर एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अवगत कराया कि शिविर के लिए समीप स्थित सामुदायिक भवन में आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित हो रही है।
निरीक्षण के उपरांत जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के कई वार्डों में नल-जल योजना सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रही है, जिससे पेयजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसके अतिरिक्त, लो वोल्टेज एवं अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
जिला पदाधिकारी ने इन समस्याओं पर तत्परता दिखाते हुए कार्यपालक अभियंता, विद्युत से दूरभाष पर वार्ता कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, माननीय जनप्रतिनिधि, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
1 views | Lakhisarai, Bihar | Aug 4, 2026