प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक: 04 अगस्त 2026
आज दिनांक 04.08.2026 को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार एवं उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मननपुर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के समय उपस्थित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO) द्वारा अवगत कराया गया कि माह जुलाई में कुल 1008 मरीजों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया। यह आंकड़ा केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
जिला पदाधिकारी द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस क्रम में उपस्थित CHO ने बताया कि आज 18 संभावित मरीजों का बलगम नमूना जांच हेतु भेजा गया है, जिससे टीबी की शीघ्र पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, चानन प्रखंड द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति की जानकारी देते हुए बताया गया कि स्क्रीनिंग के लक्ष्य का 96 प्रतिशत, एक्स-रे जांच का 200 प्रतिशत तथा अन्य प्रमुख सूचकांकों में 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा रहा है। इस प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया और टीम की सराहना की।
निरीक्षण के उपरांत जिला पदाधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर की समुचित व्यवस्था एवं उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए निर्देश दिया कि चानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र विकल्पों के साथ प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
1 views | Lakhisarai, Bihar | Aug 4, 2026