राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन
तिरंगों के साथ युवाओं ने नशे को न और जीवन का हाँ की शपथ ली
कुरुक्षेत्र। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आईपीएस के दिशानिर्देशों एवं पुलिस उप महानिरीक्षक सह संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन में हरियाणा भर में नशे के विरुद्ध युद्धस्तर पर कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा उच्चाधिकारियों के आदेश से हरियाणा के गांव गाँव साइकिल के साधन का प्रयोग करते हुए नशे के विरुद्ध अभियान को लेकर लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। इस कड़ी में वे आज पुलिस लाइन से उमरी और शहर के विभिन्न सेक्टरों में नशे के विरुद्ध सन्देश लेकर पहुंचे। उन्होंने आज 22 किलोमीटर साइकिल चलाकर भी नशे के विरुद्ध एक सन्देश दिया। वे राजकीय बहुतकनीकी संस्थान उमरी पहुंचे। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, उमरी, कुरुक्षेत्र में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं सामान्य जन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक क्षति के बारे में जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्ति का सकारात्मक संदेश पहुंचाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की प्रधानाचार्या रचना गुप्ता की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में विशेष प्रेरक वक्ता डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं भविष्य को तो प्रभावित करता ही है, साथ ही इससे परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से सदैव दूर रहने तथा अपने साथियों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने नशे के विरुद्ध अपनी कविताएं बोलकर युवाओं को गदगद किया। उनके बोल थे "कर्म वो करो जो धर्म पर टिका ही, धर्म है वही जिसमे सबका भला हो। किसी ने कहा है मेरे बच्चों- नशा मत करो नशा मत चुनो नशा मत छुओ। नशा है बुराई मेरे बच्चों।" विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता का प्रसार का संकल्प लिया और कहा कि यदि कोई प्रतिबंधित नशा बेचता है तो इसकी सुचना राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1933 अथवा 9050891508 पर देंगे। इसके पश्चात संस्थान परिसर से उमरी गांव तक नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में संस्थान के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से संबंधित तख्तियां लेकर तथा नारे लगाकर ग्रामीणों एवं आमजन को नशे से होने वाले क्षति के प्रति जागरूक किया। रैली के अंतर्गत “नशा जहर है, मानवता पर कहर है, जिंदगी चुनिए, नशा नहीं” जैसे प्रभावशाली संदेशों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के अंतर्गत विद्यार्थियों ने युवाओं से नशे की गिरफ्त से बचने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा खेल, शिक्षा एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने यह भी संदेश दिया कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्राचार्या रचना गुप्ता ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति होते हैं। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहेंगे तो वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार तथा राष्ट्र निर्माण में कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे निरंतर सामाजिक आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के संयोजक कँवल सचदेवा, विभागाध्यक्ष, IC विभाग तथा सह-संयोजक श्री देव व्रत, कार्यक्रम अधिकारी, NSS इकाई, राजकीय बहुतकनीकी उमरी, कुरुक्षेत्र रहे। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने रैली में सक्रिय सहभागिता की और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर संस्थान के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, कक्षा प्रभारी, स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
Thanesar, Kurukshetra | Oct 6, 2026