प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अस्वीकृत ऋण आवेदनों की समीक्षा, उप विकास आयुक्त ने पात्र लाभार्थियों के ऋण प्रस्तावों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
जिला पदाधिकारी, जहानाबाद के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, जहानाबाद आदित्य कुमार पियूष की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों में लंबित एवं अस्वीकृत (Rejected) ऋण आवेदनों की समीक्षा को लेकर सभी संबंधित बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बैंकवार स्वीकृत, लंबित एवं अस्वीकृत ऋण आवेदनों की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसलिए सभी बैंक पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि तकनीकी अथवा दस्तावेजी कमियों के कारण अस्वीकृत किए गए आवेदनों के संबंध में आवेदकों को स्पष्ट कारण बताते हुए त्रुटियों में सुधार का अवसर दिया जाए। साथ ही पात्र आवेदनों का पुनः परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र स्वीकृति की कार्रवाई की जाए। केवल नियमसम्मत एवं अपरिहार्य परिस्थितियों में ही आवेदन अस्वीकृत किए जाएं।
उप विकास आयुक्त ने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि ऋण स्वीकृति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं हो। अधिक से अधिक पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को ऋण उपलब्ध कराकर उनके घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने सभी बैंकों को स्वीकृत, लंबित एवं अस्वीकृत आवेदनों का अद्यतन प्रतिवेदन नियमित रूप से जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM), सभी संबंधित बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।