केरल से घर लौटते समय युवक आगरा जंक्शन के बाहर लापता, मां ने साथियों पर जानकारी छिपाने का लगाया आरोप
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी एक महिला ने अपने 18 वर्षीय बेटे के लापता होने की शिकायत पुलिस से की है। महिला का आरोप है कि उसका बेटा केरल में नौकरी करता था और घर लौटते समय आगरा जंक्शन के बाहर से लापता हो गया। उसके साथ आए युवकों के घर लौटने के बाद भी बेटे के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।
शिकायतकर्ता माया पत्नी प्रयाम पाल ने थाना बारादरी पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका बेटा सचिन केरल में एक कंपनी में नौकरी करता था। वह 11 सितंबर 2026 को घर के लिए निकला था। महिला के मुताबिक 13 सितंबर को आगरा जंक्शन के बाहर से वह अचानक लापता हो गया। आरोप है कि उसके साथ आए कुछ युवक बाद में अपने घर लौट आए, लेकिन सचिन के बारे में पूछने पर उन्होंने कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी।
महिला ने बताया कि उसने पूर्व में 2 अक्टूबर को भी पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन उसमें बेटे का नाम सोमपाल और पिता का नाम कन्हई दर्ज हो गया था, जो गलत है। महिला ने पुलिस को दिए नए प्रार्थना पत्र में बेटे का सही नाम सचिन और पिता का नाम प्रयाम पाल बताते हुए गुमशुदगी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर बेटे का पता लगाने और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने की गुहार लगाई है।
#Bareilly #news #live