समस्तीपुर जिले के पांच प्रखंडों में नवस्थापित महाविद्यालयों का शुभारंभ, आज से पठन-पाठन प्रारंभ
समस्तीपुर, 15 जुलाई 2026
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बिहार सरकार की ऐतिहासिक पहल के तहत आज राज्य के उन प्रखंडों में नवस्थापित महाविद्यालयों का शुभारंभ किया गया, जहां पूर्व में महाविद्यालय की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से नवस्थापित महाविद्यालयों का उद्घाटन किया तथा सभी महाविद्यालयों में विधिवत पठन-पाठन का शुभारंभ हुआ।
उल्लेखनीय है कि समस्तीपुर जिले के खानपुर, कल्याणपुर, सिंघिया, विथान एवं विद्यापतिनगर प्रखंडों में नवस्थापित महाविद्यालयों का आज एक साथ उद्घाटन किया गया। इन सभी महाविद्यालयों में आज से नियमित शैक्षणिक गतिविधियां एवं पठन-पाठन प्रारंभ हो गया है। इन महाविद्यालयों की स्थापना से जिले के हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध होगा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा ने विद्यापतिनगर स्थित नवस्थापित महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा तथा उसके उपरांत फीता काटकर विद्यापतिनगर महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने महाविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रखंड स्तर पर महाविद्यालयों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उच्च शिक्षा तक पहुंच सुलभ होगी, नामांकन में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र के समग्र शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी दलसिंहसराय श्री किशन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बिहार सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी कदम बताया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jul 15, 2026