आज दिनांक 15.07.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा जिला जनता दरबार के सभागार में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) के लिए क्षेत्रीय कर्मियों (Field Functionaries) का प्रशिक्षण का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। रोहतास जिला में प्रशिक्षण कार्यक्रम 15.07.2026 से प्रारम्भ होकर 25.07.2026 तक निर्धारित है।
भारत की जनगणना 2027 के दोनों चरणों (प्रथम चरण - मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना एवं द्वितीय चरण - जनसंख्या परिगणना) के क्षेत्र कार्यों के मध्य जिला जनगणना हस्त पुस्तिका से संबंधी आंकड़ों के संग्रहण का कार्य किया जाना है।
जिला जनगणना हस्त पुस्तिका, जनगणना कार्य का अभिन्न अंग है तथा इसे प्रत्येक जिले के लिए पृथक रूप से तैयार किया जाता है इसके माध्यम से जिले के प्रत्येक ग्राम एवं नगर की प्रमुख जन सांख्यिकीय एवं सामाजिक आर्थिक विशेषताओं के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं एवं आधारभूत संरचनाओं की उपलब्धता संबंधी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जाती है। इस उद्देश्य से ग्राम एवं नगर स्तर पर नागरिक सुविधाओं एवं आधारभूत संरचनात्मक सुविधाओं की उपलब्धता संबंधी जानकारी संकलित करने हेतु विशेष रूप से तैयार की गई ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका के अनुसूचियों का उपयोग किया जाता है।
जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) 2027 के अंतर्गत आंकड़ों के संग्रहण का क्षेत्रीय कार्य (Field Work) बिहार राज्य में 01.08.2026 से प्रारम्भ कर 30.08.2026 तक पूर्ण किया जाना सुनिश्चित है। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को त्रुटिहीन, सटीक एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने हेतु सभी नामित क्षेत्रीय कर्मियों (Field Functionaries) के साथ-साथ चार्ज पदाधिकारियों का गहन एवं व्यापक प्रशिक्षण आयोजित है। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को निदेश दिया गया कि तन्मयता के साथ प्रशिक्षण में भाग लें।
प्रशिक्षण कार्य श्री निशांत किशोर एवं श्री सुबोध कुमार DCO प्रशिक्षक द्वारा दिया गया।
#IPRD
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jul 15, 2026