डोंगरगढ़ की प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर से जुड़ा वर्षों पुराना नाम और परंपरा का सवाल एक बार फिर चर्चा में है। इस बार विवाद पंडित प्रदीप मिश्रा के नाम से सामने आए एक कथित बयान को लेकर खड़ा हुआ है। वायरल दावे के अनुसार, उन्होंने मां बम्लेश्वरी के नाम को भगवान शिव के डमरू से निकली ‘बम’ ध्वनि से जोड़कर इसकी व्याख्या की। इस कथन पर गोंड समाज ने आपत्ति जताते हुए इसे अपनी पारंपरिक मान्यताओं के विपरीत बताया है।
अखिल भारतीय आदिवासी ध्रुव गोंड समाज महासभा ने इस मामले में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर कथित बयान की जांच, खंडन और स्पष्ट स्पष्टीकरण की मांग की है। समाज की ओर से यह भी कहा गया है कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।