फूलों की दुकान चलाने वाले 38 वर्षीय व्यक्ति के सिर पर चोट मारकर हत्या करने के मामले में 1 आरोपी काबू।
वारदात में प्रयोग किया गया 1 डण्डा बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 30 जुलाई । 29 जुलाई को पुलिस थाना डीएलएफ फेज-1, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक सूचना सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के नजदीक स्थित Khushi Florist नामक फूलों की दुकान के अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़े होने के सम्बन्ध में प्राप्त हुई।
उपरोक्त सूचना पाकर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पर एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला, जिसके सिर व हाथ पर चोटों के निशान थे। पुलिस टीम द्वारा मौके को सुरक्षित करते हुए पुलिस की सीन-ऑफ-क्राइम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीमों को घटनास्थल पर बुलाया, जिनके द्वारा घटनास्थल व शव का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वारदात में प्रयोग किया गया 1 लकड़ी के डंडे सहित अन्य साक्ष्यों को पुलिस कब्जा में लिया गया। उसके उपरांत नियमानुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी, गुरुग्राम भिजवाया गया।
उपरोक्त सम्बन्ध में एक व्यक्ति ने मृतक की पहचान *संजय (उम्र-38 वर्ष) निवासी जिला पूर्वी चंपारण, बिहार* के रूप में कराते हुए पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि मृतक संजय के भाई ने इसको सूचना दी कि संजय की मौत हो गई है तो इसने संजय की दुकान के अंदर जाकर देखा तो संजय का शव खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा था। इसके द्वारा पता करने पर ज्ञात हुआ कि रात के समय संजय का किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था, जिस झगड़े में संजय के सिर पर चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना डीएलएफ फेज-1, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना डीएलएफ फेज-1, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में त्वरित कार्यवाही करते हुए वारदात में संलिप्त 1 आरोपी को 30 जुलाई को गुरुग्राम से काबू किया। आरोपी की पहचान राजीव दास (उम्र-40 वर्ष) निवासी जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई।
प्रारंभिक पुलिस अनुसंधान में ज्ञात हुआ कि मृतक पिछले करीब 10 वर्षों से ए-ब्लॉक, डीएलएफ फेज-1, जी-टाउन वाइन-शॉप के नजदीक फूल, गुलदस्ते एवं बुके आदि की दुकान संचालित करता था।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी राजीव दास को काबू करके इससे इसके अन्य साथी आरोपी व हत्या के कारणों का पता लगाने के हर सम्भव प्रयास किए जा रहे है। आरोपी से पुलिस पूछताछ में जो भी तथ्य समक्ष आएंगे उनके अनुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।
Jhajjar, Jhajjar | Jul 31, 2026