#भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सेवर कस्बे व मुख्य बाजार में पुलिस का फ्लैग मार्च निकाला गया। सहायक पुलिस अधीक्षक आशिमा वासवानी, वृताधिकारी ग्रामीण कन्हैया लाल और वृताधिकारी साइबर पुरुषोत्तम की अगुवाई में निकले इस पैदल मार्च में थानाधिकारी सेवर सतीश शर्मा, थानाधिकारी चिकसाना ब्रजेश कुमार मीना, थानाधिकारी उद्योगनगर राजेश कसाना, 7 वीं बटालियन आरएसी जवान, पुलिस क्यूआरटी टीम, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, निर्भया स्क्वॉड टीम एवं पुलिस लाइन के जवान शामिल रहे। सेवर फोर्ट से शुरू होकर विभिन्न चौराहों व स्वास्थ्य केंद्र मार्ग से गुजरते हुए मुख्य बाजार में समाप्त हुए इस मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। एएसपी आशिमा वासवानी ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करने के लिए जिले भर में सघन नाकाबंदी और गश्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।