#Balrampur ! बैंकों की सुरक्षा पर पुलिस का पहरा, साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए किया जागरूक...
#बलरामपुर। जिले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बलरामपुर पुलिस ने बैंकों, डाकघरों, जनसेवा केंद्रों और अन्य वित्तीय संस्थानों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की गई। साथ ही, लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव और सुरक्षित बैंकिंग के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी कैमरों, फायर अलार्म सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता जांची और बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों से सुरक्षा संबंधी जानकारी ली।
इस दौरान बैंक में मौजूद लोगों को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए। वहीं, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाए।
बलरामपुर पुलिस ने कहा कि वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा मजबूत करने और साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
#balrampur