जन कल्याण 2026 शिविर का सफल समापन, 27 हितग्राहियों को वितरित किए गए हितलाभ
डिंडोरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में नगर परिषद डिंडोरी परिसर में 12 से 14 जून 2026 तक आयोजित जन कल्याण 2026 शिविर का सफल समापन हुआ। समापन कार्यक्रम नगर परिषद डिंडोरी की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस की अध्यक्षता में परिषद के सभापतिगण, पार्षदगण एवं एल्डरमेन की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
समापन अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के 12 हितग्राहियों, नवीन नल कनेक्शन के 6 हितग्राहियों, पीएम स्वनिधि योजना के 6 हितग्राहियों, पात्रता पर्ची के 2 हितग्राहियों तथा संबल अनुग्रह सहायता योजना के 1 हितग्राही को लाभ प्रदान किया गया। इस प्रकार कुल 27 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य शासन द्वारा आयोजित जन कल्याण शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा पात्र व्यक्तियों तक शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में पार्षद श्री रजनीश राय, श्री रीतेश जैन, श्री ज्योतिरादित्य भलावी, श्रीमती स्मिता बर्मन, एल्डरमैन श्री सुदील बरमैया, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, निकाय के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों के सहयोग एवं सहभागिता के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा जन कल्याण 2026 शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।
#anjupavanbhadoriya #dindori #JansamparkMP
3 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 14, 2026