बगवाड़ गांव के खिलाड़ियों को नरेश कुमार दर्जी ने भेंट की वॉलीबॉल किट, खेलों से जुड़ने का किया आह्वान
भोरंज। भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लझयानी के बगवाड़ वार्ड नंबर-5 स्थित बगवाड़ गांव में पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वॉलीबॉल खिलाड़ियों को खेल सामग्री (वॉलीबॉल किट) भेंट की। यह कार्यक्रम आदरणीय तनु सैनी के आग्रह पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि यह वॉलीबॉल किट केवल खेल सामग्री नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति विश्वास और सहयोग का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी भोरंज विधानसभा क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए वह निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत लझयानी की प्रधान आरती सैनी, वॉलीबॉल कोच यदुवीर सिंह, ऋखी राम, मोनू, हेमराज, बलबीर सिंह, गोलू सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान युवा खिलाड़ी अर्णव सैनी, अनुज सैनी, दक्ष सैनी, आर्यन सैनी, करण सैनी, कार्तिक सैनी, एरिक सैनी और वरुण सैनी सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।