PM आवास की किस्त के नाम पर रिश्वतखोरी: EOW के जाल में फंसा पंचायत सहायक सचिव...
ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम लिधौरा पंचायत के सहायक सचिव सोनू शर्मा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि उसने प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त जारी कराने के बदले हितग्राही से रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद EOW ने जांच कर ट्रैप बिछाया और आरोपी को रकम लेते ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान रासायनिक परीक्षण में आरोपी के हाथ धुलवाने पर पानी गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। DSP शैलेंद्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में 16 सदस्यीय टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।