शादी का सपना दिखाकर बनाया शिकार: लिव-इन में रखा, सिंदूर भरकर किया विश्वासघात, फिर हुआ फरार...
ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। महिला ने बताया कि वर्ष 2023 में किराना दुकान पर सामान खरीदने आने वाले मनीष से उसकी पहचान हुई, जो बाद में दोस्ती में बदल गई। आरोपी ने शादी का वादा करते हुए महिला को भरोसे में लिया और खुद को संपन्न बताते हुए अपनी जमीन-मकान उसके नाम करने का आश्वासन दिया। उसके कहने पर महिला ने अपने पति से अलग होने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे। आरोप है कि अप्रैल 2025 में आरोपी अचानक गायब हो गया, लेकिन बाद में लौटकर महिला को अहमदाबाद ले गया और रतनगढ़ मंदिर में मांग में सिंदूर भरकर शादी का विश्वास दिलाया। कोर्ट मैरिज का झांसा देकर उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और फिर मोबाइल बंद कर फरार हो गया। आखिरकार पीड़िता अपने पति और बेटे के साथ झांसी रोड थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।