बूढ राठौडान में सरकारी जमीन से हटाया अवैध कब्जा, JCB से तोड़ी तारबंदी..!
चौहटन। तहसील क्षेत्र के ग्राम बूढ राठोडान में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 101.45 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
तहसीलदार एवं कार्यपालक मजिस्ट्रेट चौहटन भूपेंद्र कुमार सेजू के आदेश पर ग्राम पंचायत बूढ राठोडान के खसरा नंबर 330, 335 एवं 1103/744 की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। जानकारी के अनुसार कुछ लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर चीणे लगाकर तारबंदी कर अवैध कब्जा कर रखा था।
प्रशासन ने 27 मई 2026 को जारी आदेश क्रमांक/राजस्व/2026/68 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। ग्राम पंचायत द्वारा उपलब्ध कराई गई JCB मशीन की सहायता से अवैध तारबंदी एवं कब्जों को नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार चौहटन भूपेंद्र कुमार सेजू, नायब तहसीलदार भोमाराम पंवार, भू निरीक्षक प्रेम कुमार महेश्वरी, हलका पटवारी रेवत सिंह सहित पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर मौजूद रहा। पुलिस उपअधीक्षक के निर्देश पर थाना चौहटन से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
तहसीलदार भूपेंद्र कुमार सेजू ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पूर्व सभी संबंधित पक्षों को विधिवत नोटिस एवं सूचना जारी की गई थी। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और मौके पर किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Sedwa, Barmer | Jun 2, 2026