नैनी के निजी अस्पताल पर कैंसर रिपोर्ट छिपाने का आरोप, पिता बोले- गलत ऑपरेशन से बिगड़ी बेटे की हालत
प्रयागराज। यमुनानगर के नैनी स्थित अक्षयवट एवं ट्रॉमा सेंटर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है।
गौहनिया चौराहा निवासी संजय जायसवाल ने आरोप लगाया कि उनके बेटे समीर जायसवाल के दाहिने पैर के घुटने में दर्द था। अस्पताल में डॉ. आर. पी. पांडे ने ऑपरेशन किया, लेकिन दर्द ठीक नहीं हुआ। आरोप है कि बाद की जांच में कैंसर के लक्षण मिले, फिर भी अस्पताल ने रिपोर्ट परिवार को नहीं दी, जिससे सही इलाज में देरी हुई।
पीड़ित पिता का कहना है कि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को तहरीर देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को परिवार ने मीडिया के सामने आकर योगी सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की।
पीड़ित परिवार की मांग -
1. पूरे मामले की उच्चस्तरीय मेडिकल जांच हो।
2. सभी रिपोर्ट परिवार को सौंपी जाएं।
3. लापरवाही मिलने पर अस्पताल और डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई हो।
वहीं, इस मामले में अस्पताल और डॉक्टर का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।