रोहतास: डेहरी ईओ विमल कुमार हत्याकांड के विरोध में सड़क पर उतरे 60 से अधिक
ईओ, मुख्यमंत्री आवास कूच की कोशिश
डेहरी-ऑन-सोन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के विरोध में रविवार को बिहार के विभिन्न नगर निकायों के 60 से अधिक कार्यपालक पदाधिकारी राजधानी पटना के दानापुर स्थित गोला रोड पर धरने पर बैठ गए। बारिश के बीच अधिकारियों ने सुरक्षा, मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी चार सूत्री मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान अधिकारी विमल कुमार के शव को एंबुलेंस में रखकर मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने गोला रोड पर उन्हें रोक दिया। इसके बाद सभी अधिकारी वहीं सड़क पर बैठकर धरना देने लगे।
स्थिति को देखते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेष परासर और पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर आश्वासन दिया कि रविवार शाम विभागीय बैठक बुलाकर सुरक्षा, मुआवजा और अन्य मांगों पर विधिसम्मत निर्णय लिया जाएगा।
हालांकि प्रदर्शनकारी अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। देर शाम तक विमल कुमार का शव एंबुलेंस में ही रखा रहा और गोला रोड पर प्रदर्शन जारी था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।