अतिथि शिक्षकों की री-ज्वाइनिंग और पद अपडेशन न होने पर फूटा रोष, प्राचार्या पर अभद्रता और तानाशाही का आरोप।
सतना जिला अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नकैला में कार्यरत अतिथि शिक्षकों ने कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर संस्था प्रमुख पूजा सिंह भदौरिया पर पद अपडेट न करने और अभद्र व्यवहार कर कार्यालय से भगाने का गंभीर आरोप लगाया है। अतिथि शिक्षकों के अनुसार, लोक शिक्षण संचालनालय के आदेश (क्रमांक अति.शि. 2026-27/652) के तहत पूर्व से कार्यरत शिक्षकों की री-ज्वाइनिंग 01 जुलाई से 06 जुलाई 2026 तक की जानी थी, लेकिन प्राचार्या द्वारा पोर्टल पर पद अपडेशन न किए जाने के कारण अंतिम तिथि बीतने तक उनकी ज्वाइनिंग नहीं हो सकी है। पीड़ितों का आरोप है कि मौखिक निवेदन करने पर प्राचार्या ने पूरा स्टाफ बदलने की बात कहकर तानाशाही रवैया अपनाया। इसके साथ ही, माध्यमिक शाला शाहपुर में पदस्थ प्राचार्या के चाचा सुरेश सिंह भदौरिया पर भी पिछले वर्ष मानदेय काटने, प्रताड़ित करने और इस वर्ष भर्ती न होने देने की धमकी देकर पैसे मांगने के आरोप लगाए गए हैं। लगभग 400 छात्र संख्या वाले इस विद्यालय में केवल दो नियमित शिक्षक हैं और पूरा शैक्षणिक कार्य इन अतिथि शिक्षकों के भरोसे ही चलता है, जिसके चलते वर्तमान में बच्चों का पठन-पाठन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। नकैला संकुल के अन्य सभी स्कूलों में ज्वाइनिंग हो चुकी है, अतः परेशान अतिथि शिक्षकों ने कलेक्टर और डीईओ से तत्काल पोर्टल पर पद अपडेट करवाकर ज्वाइनिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।