कोटा, 13 सितंबर। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ एवं इको-फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के संयुक्त तत्वावधान में टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में वृहद जन-जागरूकता अभियान के तहत दूसरे दिन 56 विशाल इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं एवं 56 केसरिया धर्म ध्वजाओं का निशुल्क वितरण किया गया। भांगड़ा और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पंजीकृत 56 सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं को 4 से 6 फीट की मिट्टी की प्रतिमाएं वितरित की गईं। कार्यक्रम मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल के नेतृत्व में कुल्लम शक्ति पीठ की माता श्री नीति अंबा के सानिध्य में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है तथा मिट्टी की प्रतिमाओं से जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलेगी। इस दौरान कोटा में गणेशोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने और सार्वजनिक पंडालों को आर्थिक सहयोग देने की मांग भी रखी गई, जिस पर विधायक ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Ladpura, Kota | Sep 13, 2026