नहराना के पास भीषण सड़क हादसा, कार सवार तीन युवकों की मौत
- तूड़े से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुसी टियागो कार; दो ने मौके पर तोड़ा दम, तीसरे की अग्रोहा ले जाते समय मौत
सिरसा।
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव नहराना के पास सोमवार देर रात करीब एक बजे हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की अग्रोहा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, टियागो कार में सवार तीन युवक भट्टू से नाथूसरी चौपटा की ओर जा रहे थे। जब वे गांव नहराना के पास पहुंचे तो उनकी कार आगे चल रही तूड़े से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा रेफर कर दिया। हालांकि, उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान संदीप पुत्र सूबे सिंह निवासी पीली मंदोरी, जिला फतेहाबाद, कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश निवासी ढाणी गोपाल तथा नरेश पुत्र रणबीर निवासी किरतान, जिला हिसार के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। चौपटा पुलिस के अनुसार हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है। नाथूसरी चौपटा पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Sirsa, Sirsa | Nov 10, 2026