कोडरमा में ट्रेन से 16 हजार रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त
कोडरमा। ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ ने मंगलवार को धनबाद-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस (13305 अप) में जांच के दौरान लावारिस हालत में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त की। निरीक्षक प्रभारी के निर्देश पर सउनि धर्मेंद्र कुमार दुबे के नेतृत्व में टीम ट्रेन में जांच कर रही थी। इसी दौरान सुबह 8:15 बजे गुझंडी और दिलवा स्टेशन के बीच साधारण कोच की लगेज सीट पर एक गुलाबी सूटकेस और दो प्लास्टिक की बाल्टियां संदिग्ध अवस्था में मिलीं। तलाशी लेने पर उनमें बीयर, रॉयल स्टैग, मैजिक मोमेंट्स, सिग्नेचर और बैकार्डी सहित कुल 22 लीटर शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत 16,210 रुपये आंकी गई है। किसी यात्री ने सामान पर दावा नहीं किया। शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंपा जाएगा।