विकास के मंदिर में मवेशियों का डेरा, गोसवा डोगवा का पंचायत भवन बदहाल!
सरकारी धन से बना भवन बना उपेक्षा का शिकार, कर्मचारी नदारद होने का आरोप; गंदगी से ग्रामीण बेहाल
संडीला/हरदोई। ग्राम पंचायत गोसवा डोगवा में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ गांव में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया गया पंचायत भवन बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन में पंचायत से जुड़े कर्मचारी नियमित रूप से नहीं बैठते। वहीं भवन परिसर में मवेशी बांधे जाने और गंदगी का अंबार लगे होने से सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक लाखों रुपये की लागत से तैयार पंचायत भवन का मकसद लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और विभिन्न सेवाओं के लिए एक ही स्थान पर सुविधा उपलब्ध कराना था। इसके बावजूद कर्मचारी न मिलने के कारण ग्रामीणों को अपने काम के लिए ब्लॉक कार्यालय सहित अन्य जगहों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
भवन परिसर की स्थिति स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पंचायत भवन की तत्काल सफाई कराने, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और सरकारी भवन को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप संचालित कराने की मांग की है।
मामले में बीडीओ निधि राठौर ने बताया कि मौके पर जांच कराई जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Hardoi, Hardoi | Sep 2, 2026