जीरो लार्वा अभियान के तहत शहरी क्षेत्र में 11 संस्थानों का किया गया निरीक्षण
5 कंटेनरों में पाये गये एडीज मच्छर के लार्वा का किया गया नष्टीकरण
=============================================================
डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा में अगस्त माह "जीरो लार्वा अभियान" के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के 4 दलों द्वारा शासकीय कार्यालयों एवं विभिन्न संस्थानों में एडीज मच्छर के लार्वा का सर्वे किया गया। अभियान के दौरान कुल 11 कार्यालयों एवं संस्थानों में 105 वॉटर कंटेनरों, जिनमें कूलर, फ्रिज, सीमेंट टांके, सिंटेक्स टैंक, फाउंटेन, अनुपयोगी बर्तन एवं टायर शामिल थे, का निरीक्षण किया गया। सर्वे के दौरान 5 कंटेनरों में एडीज मच्छर का लार्वा पाया गया, जिसका तत्काल लार्वानाशक दवा डालकर नष्टीकरण किया गया।
जिन संस्थानों में सर्वे किया गया उनमें टीबी सेनेटोरियम, योजना कार्यालय, नशा मुक्ति केंद्र, रैन बसेरा, बिंद्रा हॉस्पिटल, कृष्णा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, संजीवनी क्लीनिक रामबाग, संजीवनी क्लीनिक लालबाग, आदित्य मदर चाइल्ड एंड मल्टीस्पेशलिटी, डॉ. बजाज हॉस्पिटल, साहू डेंटल हॉस्पिटल (नरसिंहपुर रोड) तथा आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-18 शामिल थे।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संस्थानों से अपील की है कि कार्यालयों में रखे पानी के सभी कंटेनरों, कूलरों, फ्रिज, टांकों, टंकियों, टायर एवं अन्य जल संग्रहण स्थलों की प्रत्येक सप्ताह जांच कराई जाए, ताकि एडीज मच्छर का लार्वा पनपने न पाए। जिन बड़े जल कंटेनरों की नियमित सफाई या ढंकना संभव न हो, उनमें प्रति सप्ताह मीठा तेल डालने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकते, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द, नाक या मसूड़ों से रक्तस्राव जैसे डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें तथा जिला चिकित्सालय/छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध डेंगू एलिसा जांच का निःशुल्क लाभ लें। विभाग ने जिले में डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए सभी से सहयोग करने का आग्रह किया है। लार्वा सर्वे दल में सर्विलेंस निरीक्षक श्री धीरज सारवन सहित श्री देव खरे, श्री चंद्रशेखर कराड़े, श्री गोपाल धुर्वे, श्री माधव कुरेती, श्री शाहिद सिद्दीकी, सुश्री रोशनी मराफे, श्री बारीकराम बावरकर एवं श्री जानराव मर्सकोले शामिल थे।