अमरवाड़ा में विकासखंड स्तरीय प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम संपन्न
नवांकुर सखी हरियाली यात्रा, सर्पदंश जागरूकता, साइबर अपराध एवं 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की बनाई गई कार्ययोजना
=============================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की संवाद योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम का आयोजन आज जनपद पंचायत सभागार अमरवाड़ा में किया गया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशेष अतिथि के रूप में एसडीओपी श्रीमती कल्याणी बरकड़े मौजूद थीं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से श्री सुभाष साहू, वन विभाग से श्री अरुण डेहरिया, शिक्षा विभाग से उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री उईके, ब्लॉक समन्वयक सुश्री वंदना राकेसिया, इंटर्न श्री जय कुमार साईलवार, मंच संचालक श्री संदेश डेहरिया, डॉ. राजकुमार मालवीय, श्री सूरसिंह वर्मा, श्री अशोक डेहरिया, श्री नितेश पटेल सहित नवांकुर एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने समाज सेवा, नागरिक कर्तव्यों, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण, आगामी नवांकुर सखी हरियाली यात्रा, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
एसडीओपी श्रीमती कल्याणी बरकड़े ने नशा मुक्ति तथा साइबर फ्रॉड और फर्जी कॉल से बचाव के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग के श्री सुभाष साहू ने महिला जागरूकता एवं सर्पदंश से बचाव के लिए गांव-गांव अभियान चलाने तथा सावधानियों की जानकारी देने पर बल दिया।
वन विभाग के श्री अरुण डेहरिया ने पौधारोपण के साथ पुराने पेड़ों के संरक्षण की आवश्यकता बताते हुए पीपल, नीम और बरगद जैसे औषधीय एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधे लगाने का सुझाव दिया। कार्यक्रम के अंत में तिरंगा अभियान, एक पेड़ मां के नाम, नवांकुर सखी हरियाली यात्रा, सर्पदंश जागरूकता, साइबर अपराध से बचाव तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।