DVC ग्रिड में तकनीकी खराबी, छह प्रखंडों में बिजली आपूर्ति प्रभावित
कोडरमा, 27 अगस्त: DVC ग्रिड में तकनीकी खराबी के कारण कोडरमा जिले के विभिन्न प्रखंडों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई है। ग्रिड में स्थापित दो ICT (ट्रांसफॉर्मर) में से एक में पहले से तकनीकी खराबी थी। अब दूसरे ICT में भी खराबी आने से ग्रिड से अपेक्षित मात्रा में बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
DVC से कम विद्युत आपूर्ति मिलने के कारण बिजली की मांग और उपलब्धता में अंतर पैदा हो गया है। विद्युत व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लगभग 7–8 घंटे तक लोड शेडिंग की जा रही है और कई क्षेत्रों में करीब 50 प्रतिशत विद्युत आपूर्ति ही हो पा रही है।
इस तकनीकी समस्या का असर सतगावां, कोडरमा, डोमचांच, मरकच्चो, जयनगर एवं चंदवारा प्रखंडों में पड़ा है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग के अनुसार, ICT में आई तकनीकी खराबी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। खराबी ठीक होते ही विद्युत आपूर्ति की स्थिति में सुधार होने की संभावना है। उपभोक्ताओं से असुविधा के लिए सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है।