टीटीई की सतर्कता से यात्री का 50 हजार नकद और कीमती सामान से भरा बैग सुरक्षित
मथुरा स्टेशन पर ट्रेन में छूटा था हैंडबैग, रेल मदद पर शिकायत मिलते ही हुई त्वरित कार्रवाई
कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में टीटीई की सतर्कता और तत्परता से एक यात्री का 50 हजार रुपये नकद, महत्वपूर्ण दस्तावेज और कीमती सामान से भरा हैंडबैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। रेल मदद पर शिकायत मिलने के तुरंत बाद टीटीई ने सीट की जांच कर बैग खोज निकाला।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 31 अगस्त को गाड़ी संख्या 12402 नंदादेवी एक्सप्रेस के बी-5 कोच में सीट संख्या 42 पर हरिद्वार से मथुरा की यात्रा कर रहे यात्री शिब शंकर मथुरा स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय अपना हैंडबैग सीट पर ही भूल गए।
ट्रेन से उतरने के बाद यात्री को बैग छूटने का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात टीटीई राम रतन मीणा ने बिना देर किए संबंधित सीट की जांच की और यात्री का बैग सुरक्षित बरामद कर लिया।
बैग में था नकद और जरूरी सामान
बरामद हैंडबैग में 50 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पहचान पत्र, मेट्रो कार्ड, पेन ड्राइव, एक कीमती मशीन सहित अन्य सामान रखा हुआ था। टीटीई ने बैग मिलने की सूचना यात्री को दी और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद बैग को आरपीएफ कोटा के सुपुर्द कर दिया।
रेलवे की इस तत्परता से यात्री का महत्वपूर्ण सामान और नकदी सुरक्षित बच गई। रेलवे ने टीटीई राम रतन मीणा की सतर्कता की सराहना की है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन से उतरते समय अपने सामान की अच्छी तरह जांच कर लें। यदि यात्रा के दौरान कोई सामान छूट जाता है तो तत्काल रेल मदद या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।
Harda, Harda | Aug 31, 2026