यूजीसी प्रावधानों की समीक्षा की मांग को लेकर डिंडौरी में सवर्ण समाज की रैली
जिला मुख्यालय में जुटा समाज का जनसमूह, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
यूजीसी से संबंधित प्रावधानों की समीक्षा, आरक्षण व्यवस्था के आधार पर पुनर्विचार और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित कानूनों के कथित दुरुपयोग की रोकथाम सहित विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को डिंडौरी जिला मुख्यालय में सवर्ण समाज द्वारा रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। रैली का नेतृत्व स्वामी आशुतोष जी महाराज ने किया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाई और जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में यूजीसी से संबंधित प्रावधानों और नीतियों की पुनः समीक्षा की मांग प्रमुखता से रखी गई।
आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा सहित कई मांगें
ज्ञापन में आरक्षण व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करते हुए उसके आधार में आर्थिक स्थिति को भी शामिल करने की मांग रखी गई। इसके अलावा यूजीसी से संबंधित प्रावधानों पर सभी संबंधित हितधारकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किए जाने की मांग की गई।
सवर्ण समाज की ओर से दिए गए ज्ञापन में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित कानूनों की समीक्षा तथा कानून के दुरुपयोग की शिकायतों की निष्पक्ष जांच और रोकथाम के लिए प्रभावी कानूनी एवं प्रशासनिक व्यवस्था की मांग भी शामिल रही।
इसके साथ ही शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में सभी वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराने तथा सामाजिक समरसता एवं आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने की बात कही गई।
‘एक देश, एक विधान, एक संविधान’ की भावना पर जोर
ज्ञापन में ‘एक देश, एक विधान, एक संविधान’ की भावना को मजबूत करने तथा देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग रखी गई। रैली में शामिल प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों पर केंद्र सरकार से विचार करने का आग्रह किया।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
रैली के प्रारंभ से पहले समाज के लोगों ने मां नर्मदा को ज्ञापन अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान अपनी मांगों को लेकर आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।
#Dindori #DindoriNews #DindoriRally #सवर्ण_समाज #UGC #UGCRollback #UGCReview #आरक्षण #Reservation #डिंडौरी #DindoriNewsLive #MadhyaPradesh #MPNews #SocialJustice #Constitution #एक_देश_एक_विधान_एक_संविधान #BreakingNews #LatestNews #ViralNews #HALCHAL24NEWS Part 13