🔳प्रस्फुटन समितियों को दिया क्षमतावर्धन प्रशिक्षण
🔳दस्तावेजीकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं और जल संरक्षण के प्रति किया प्रेरित
🔳कटनी - मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड बहोरीबंद की ग्राम पंचायत देवरी-मवाई में ‘प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान’ के अंतर्गत सेक्टर स्तरीय प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। नवांकुर संस्था ग्राम विकास राय बहादुर समिति, बहोरीबंद के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण में समितियों को दस्तावेजीकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार, सामाजिक जागरूकता और ग्रामीण विकास में जनभागीदारी बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी श्री नीरज पटेल, सचिव श्री शिवलाल पटेल, स्कूल संचालक श्री राजभानु लोधी एवं वाइटल मिडिल स्कूल देवरी के श्री रामसजीवन लोधी सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विकासखंड समन्वयक श्री अरविंद शाह ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए प्रस्फुटन समितियों को सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आवश्यक दस्तावेजीकरण, एनजीओ पंजीयन प्रक्रिया, एमपीजेएपी एप के उपयोग तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी।
परामर्शदाता श्री अवधेश बैरागी ने संवाद कौशल एवं प्रभावी संचार तकनीकों की जानकारी देते हुए कहा कि बेहतर जनसंपर्क, सकारात्मक संवाद और आपसी समन्वय से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियों को प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रशिक्षण में स्वामित्व योजना, नल-जल योजना, बकरी पालन, मत्स्य पालन एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
सचिव श्री शिवलाल पटेल ने स्वामित्व योजना के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण विकास की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में स्थानीय समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं, नवांकुर संस्था के सेक्टर प्रभारी श्री सुरेंद्र चक्रवर्ती ने संस्था एवं प्रस्फुटन समितियों द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में आगामी कार्ययोजना के तहत जल संरक्षण, जनजागरूकता शिविरों के आयोजन तथा ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। अतिथियों ने समितियों के सदस्यों को समर्पण, सक्रियता और सामूहिक सहभागिता के साथ सामाजिक कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र दाहिया, सचिव श्री सुरेंद्र चक्रवर्ती, परामर्शदाता श्री मुकेश सिंह सेंगर, श्री बहादुर सिंह, श्री गिरनी लाल, श्री सोनू विश्वकर्मा, श्री निहांशु कुशवाहा, श्री सुमित परोहा एवं श्री सुशील मिश्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। श्री सुरेंद्र चक्रवर्ती ने अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी