बेहल स्कूल की छात्राओं ने जोन स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में लहराया परचम, ऑल राउंडर का खिताब जीता
खिलाड़ियों का ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नकराना, जिला बिलासपुर में 7 से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित जोन स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेहल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में बेहल स्कूल की 18 छात्राओं ने कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और मार्च पास्ट सहित विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया।
प्रतियोगिता के दौरान बेहल स्कूल की छात्राओं ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने कबड्डी, वॉलीबॉल और मार्च पास्ट में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर बेहल स्कूल ने ऑल राउंडर का खिताब भी अपने नाम किया।
विजेता छात्राओं के विद्यालय लौटने पर स्कूल परिवार, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) और समस्त स्टाफ की ओर से उनका ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान छात्राओं के चेहरे पर जीत की खुशी साफ नजर आई। विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
इस शानदार सफलता के पीछे विद्यालय के शारीरिक शिक्षक डीपीई बलजीत सिंह ठाकुर की कड़ी मेहनत, कुशल प्रशिक्षण और निरंतर मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने छात्राओं को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में विशेष मेहनत की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य केवल कृष्ण ने डीपीई बलजीत सिंह ठाकुर और सभी विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बलजीत सिंह ठाकुर का अनुभव, मार्गदर्शन और मेहनत विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में शिक्षकों के निरंतर सहयोग से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता छात्राओं की मेहनत, खेल भावना, अनुशासन और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय की छात्राएं भविष्य में जिला और राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।
विद्यालय परिवार, एसएमसी और स्टाफ ने विजेता छात्राओं तथा डीपीई बलजीत सिंह ठाकुर को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वारघाट से सूरज चंदेल की रिपोर्ट
#BehlSchool #Bilaspur #BilaspurNews #HimachalNews #HimachalPradesh #SchoolSports #Under19Sports #GirlsSports #Kabaddi #Volleyball #Badminton #MarchPast #AllRounder #HimachalUpdates #RozanaHimachal