देहरा SBI में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5 का आयोजन, फेस ऑथेंटिकेशन से आसान होगी पेंशनभोगियों की राह #kangralive
भारत सरकार के अंडर सेक्रेटरी सुभाष चंद्र ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, स्वयं फेस ऑथेंटिकेशन से बनाया डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
देहरा (कांगड़ा)। पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बैंकों और सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाने के उद्देश्य से वीरवार को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) देहरा शाखा में राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5 के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के अंडर सेक्रेटरी सुभाष चंद्र ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्वयं फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल कर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाया और पेंशनभोगियों से संवाद कर उन्हें इस सुविधा की जानकारी दी। इसके साथ ही बैंक में निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया।
कार्यक्रम में SBI चंडीगढ़ के मुख्य प्रबंधक जरनैल सिंह, आरबीओ ऊना के मुख्य प्रबंधक राजेंद्र भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की ओर से 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक देशभर में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान-5 चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को सरल, सुगम और सुविधाजनक बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान सुभाष चंद्र ने पेंशनभोगियों को बताया कि फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से स्मार्टफोन पर चेहरे की पहचान करवाकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किया जा सकता है। इसके लिए पेंशनभोगियों को स्वयं बैंक या पेंशन कार्यालय जाने की अनिवार्यता नहीं रहती। यह सुविधा विशेष रूप से बुजुर्गों, बीमार और चलने-फिरने में असमर्थ पेंशनभोगियों के लिए काफी लाभदायक है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का प्रयास है कि डिजिटल सुविधाओं का लाभ देश के प्रत्येक पेंशनभोगी तक पहुंचे। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने के लिए होने वाली अनावश्यक भागदौड़ से भी छुटकारा मिलेगा।
अभियान में भारतीय डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके माध्यम से पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
इस मौके पर पेंशनभोगियों ने भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा को बुजुर्गों के लिए राहत भरा कदम बताया। उन्होंने कहा कि पहले जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बैंक और सरकारी कार्यालयों में जाना पड़ता था, लेकिन अब फेस ऑथेंटिकेशन जैसी तकनीक से यह प्रक्रिया काफी आसान हो गई है।
SBI देहरा के मैनेजर सुनील कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि बैंक का प्रयास है कि अधिक से अधिक पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा से जोड़ा जाए और उन्हें आधुनिक बैंकिंग एवं डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने पेंशनभोगियों से 30 नवंबर तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान का लाभ उठाने की अपील की।
Kangra, Kangra | Nov 13, 2026