*जालौन: उरई रोड पर स्कूली बस खाई में गिरी, कई बच्चे घायल*
*जालौन।* उरई रोड स्थित अकोड़ी गांव के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जयपुरिया स्कूल, उरई की स्कूली बस छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में कई बच्चे घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। कुछ बच्चों को मामूली चोटें आई हैं जबकि कुछ की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बस को खाई से बाहर निकलवाया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बस की तेज रफ्तार या चालक को झपकी आना हादसे की वजह हो सकती है।
हादसे के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है। स्कूल प्रशासन और जिला प्रशासन ने घायल बच्चों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Jalaun, Jalaun | Jul 10, 2026