बीकानेर: सर्किट हाउस में शॉर्ट सर्किट से आग, वीआईपी गैलरी में मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला
आईएएस प्रशिक्षु के कमरे के पास लगी थी आग, स्टाफ की सूझबूझ से पाया काबू
बीकानेर, 1 अगस्त। बीकानेर के सर्किट हाउस में शुक्रवार को शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग वीआईपी एरिया की गैलरी में लगी, जिससे पूरा परिसर धुएं से भर गया।
जानकारी के अनुसार आग की घटना आईएएस प्रशिक्षु के कमरे के ठीक पास हुई। अचानक धुआं और चिंगारी देखकर मौके पर मौजूद स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
समय रहते स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया। त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद सर्किट हाउस में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है। आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।