मोबाइल हैक कर लोगों से मांगे जा रहे पैसे , बीकानेर निवासी ने जारी की चेतावनी
बीकानेर। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ताजा मामला बीकानेर के निवासी यज्ञ प्रसाद शर्मा से जुड़ा है, जिनका मोबाइल फोन हैक होने के बाद ठग उनके नाम से व्हाट्सएप पर लोगों से पैसे मांगने शुरू कर दिए। जानकारी के अनुसार, हैकर यज्ञ प्रसाद शर्मा की कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद लोगों को व्हाट्सएप संदेश भेजकर इमरजेंसी का हवाला दे रहा है। वह यह कहकर रुपये मांग रहा है कि उसका यूपीआई काम नहीं कर रहा है, इसलिए तत्काल आर्थिक मदद की जरूरत है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक जागरूक परिचित ने यज्ञ प्रसाद शर्मा से संपर्क कर पैसे मांगने वाले मैसेज की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका
मोबाइल फोन हैक कर लिया है और उनके नाम का दुरुपयोग कर लोगों से रुपये मांग रहा है। यज्ञ प्रसाद शर्मा ने सभी परिचितों और आमजन से अपील की है कि यदि उनके नाम से किसी भी प्रकार का पैसे मांगने का मैसेज या कॉल आए तो उस पर भरोसा न करें और कोई भी राशि ट्रांसफर न करें। उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि किए पैसे भेजने पर साइबर ठगी का शिकार होने की आशंका है।
बता दें कि ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति को पैसे भेजने से पहले फोन कर उसकी पुष्टि अवश्य करें। यदि इस प्रकार का संदिग्ध संदेश मिले तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
*पैसे ट्रांसफर करवाने के लिए खुद का क्यूआर कोड भेजा*
यज्ञ प्रसाद शर्मा के परिचित ने सूझबूझ दिखाते हुए शर्मा के नंबर पर पैसे भेजने की बात कही तो हैकर ने कहा कि नंबरों पर पैसे मत भेजें। हैकर ने पैसे ट्रांसफर करने के लिए खुद का एक स्कैनर भेजा और बोला कि इस स्कैनर पर पैसे ट्रांसफर कर दिजिए।