सुधीर शर्मा के समर्थन में उतरी धर्मशाला भाजपा, कांग्रेस पर साधा निशाना | Kangra Express
धर्मशाला : भाजपा मंडल ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा को लेकर दिए जा रहे बयानों पर पलटवार किया। मंडल ग्रामीण महामंत्री शुभम सूद ने कहा कि सुधीर शर्मा धर्मशाला की बुलंद आवाज हैं और भाजपा पदाधिकारी व जनता उनके साथ खड़ी है।
शुभम सूद ने कांग्रेस पर लगातार चुनाव हारने के बाद बौखलाहट में बयानबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने सुधीर शर्मा के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सड़क, बिजली और पानी के मुद्दे उठाए।
साथ ही उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए 30 करोड़ रुपये की राशि जमा करवाने, टांडा मेडिकल कॉलेज में दवाइयों की उपलब्धता और धर्मशाला के लंबित विकास कार्यों को लेकर प्रदेश सरकार से सवाल किए।
सुधीर शर्मा के आवास से जुड़े आरोपों पर शुभम सूद ने कहा कि शर्मा के अनुसार मकान सरकारी पैसे से नहीं, बल्कि उनकी अपनी कमाई से बनाया गया है और संबंधित दस्तावेज विजिलेंस को दिए जा चुके हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं और उनके करीबियों की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जल्द सार्वजनिक करने का भी दावा किया।
Kangra, Kangra | Sep 25, 2026