खुले दरबार में मंत्री राजेश नागर ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकांश का मौके पर कराया समाधान...
हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के निवास पर रविवार को साप्ताहिक खुले दरबार का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोगों ने स्थानीय समस्याएं और शिकायतें मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
जिन शिकायतों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उनके संबंध में संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। खुले दरबार में कई ऐसे लोग भी पहुंचे, जिनकी पहले दी गई शिकायतों का समाधान हो चुका था। उन्होंने समस्याओं के निस्तारण के लिए मंत्री राजेश नागर का आभार जताया।
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि प्रत्येक रविवार को उनके निवास पर खुले दरबार का आयोजन किया जाता है, ताकि क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि उनके सार्वजनिक नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
राजेश नागर ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया है। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इस यात्रा में जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।