अभाविप थाची इकाई ने महाविद्यालय की विभिन्न मांगों को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को सौंपा ज्ञापन
Kullu Times
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद थाची इकाई द्वारा आज थाची महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं मूलभूत समस्याओं को लेकर हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय से जुड़ी प्रमुख मांगों को सरकार एवं संबंधित विभाग के समक्ष उठाने का आग्रह किया। परिषद की मुख्य मांगों में थाची महाविद्यालय के भवन निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू एवं पूरा करना, महाविद्यालय में पूर्व में संचालित बी.कॉम विषय को पुनः शुरू करना तथा महाविद्यालय में रिक्त चल रहे विभिन्न पदों को शीघ्र भरना शामिल रहा।
विद्यार्थी परिषद ने कहा कि थाची महाविद्यालय में पहले बी.कॉम विषय संचालित किया जाता था, जिसे बंद कर दिया गया। इसके कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को वाणिज्य विषय की उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्थानों का रुख करना पड़ रहा है। इसलिए विद्यार्थियों के हित में बी.कॉम विषय को पुनः शुरू किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
परिषद ने कहा कि महाविद्यालय के भवन निर्माण में हो रही देरी और शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों के रिक्त पदों के कारण विद्यार्थियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन सभी मांगों का जल्द समाधान होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद थाची इकाई ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों की इन मांगों को उचित मंच पर प्रमुखता से उठाते हुए इनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
अभाविप ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के अधिकारों, बेहतर शिक्षा और महाविद्यालय के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर विद्यार्थी परिषद निरंतर संघर्ष करती रहेगी।
Jairam Thakur Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad (ABVP)
Kullu, Kullu | Sep 9, 2026