ग्वालियर के कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे, फायर जांच में खुली बड़ी लापरवाही; दो संस्थान सील...
लखनऊ की दर्दनाक आग हादसे के बाद ग्वालियर में शुरू हुई फायर सेफ्टी जांच ने चौंकाने वाली तस्वीर सामने रख दी है। शहर के अधिकांश कोचिंग सेंटर छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरत रहे हैं। नगर निगम की छापामार कार्रवाई में दो कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया, जहां एक्सपायरी और खाली फायर सिलेंडर मिलने के साथ सुरक्षा संबंधी जरूरी दस्तावेज भी नदारद पाए गए। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि शहर में संचालित 1000 से अधिक कोचिंग संस्थानों में से गिने-चुने संस्थानों के पास ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम हैं, जबकि करीब 90 प्रतिशत कोचिंग सेंटरों में इमरजेंसी एग्जिट तक उपलब्ध नहीं है। हजारों छात्रों की जान से जुड़े इस मुद्दे पर अब नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया है।